
उदित वाणी, जमशेदपुर : आगामी रामनवमी और चैती छठ पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. इसी क्रम में उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में सभी प्रशासनिक विभागों और आवश्यक सेवा प्रदाताओं के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई.
शांतिपूर्ण आयोजन प्रशासन की प्राथमिकता
बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें. पेयजल, बिजली, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं और आपातकालीन व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखने पर विशेष जोर दिया गया.
संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी
विधि-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन को संवेदनशील स्थानों की पहचान कर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए. साथ ही किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे.
जुलूस मार्ग और विसर्जन घाटों का सत्यापन
उपायुक्त ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निकलने वाले जुलूस और शोभायात्रा मार्गों तथा विसर्जन घाटों का संयुक्त सत्यापन करने का निर्देश दिया. सुरक्षा के मद्देनजर बिजली के तार, निर्माण सामग्री हटाने, बैरिकेडिंग करने और वैकल्पिक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया. जिला नियंत्रण कक्ष को भी पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए.
ड्रोन और कैमरों से होगी निगरानी
भीड़ नियंत्रण के लिए स्टेज और माइक व्यवस्था के साथ-साथ फ्लैग मार्च कराने का निर्देश दिया गया. जुलूस मार्गों की निगरानी ड्रोन और वीडियो कैमरों से की जाएगी. इसके अलावा जुलूस के दिन शराबबंदी लागू करने और शहर में भारी एवं व्यवसायिक वाहनों की नो-एंट्री की सूचना जारी करने को कहा गया.
आपातकालीन सेवाओं की विशेष तैयारी
आपातकालीन सेवाओं के तहत प्रमुख स्थानों पर चिकित्सकों की तैनाती, सरकारी और निजी एंबुलेंस की उपलब्धता, वैकल्पिक मार्गों की पहचान, अग्निशमन वाहनों और क्रेन-टोचन वाहनों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. नियंत्रण कक्ष में शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए प्रशिक्षित कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी.
अखाड़ा समितियों के साथ समन्वय
अखाड़ा समितियों और श्रद्धालुओं के लिए साफ-सफाई, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया. भीड़ नियंत्रण के लिए वॉलेंटियर रखने, झंडे की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुसार रखने और एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए.
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में सिटी एसपी, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, नगर निकाय, परिवहन, स्वास्थ्य, अग्निशमन, जुस्को, टाटा मोटर्स समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.

