
उदित वाणी, जमशेदपुर: कोल्हान विश्वविद्यालय के अंगीभूत कॉलेजों के शिक्षक गर्मी छुट्टियों में की गई कटौती के खिलाफ काला बिल्ला लगाकर काम कर रहे हैं. टीचर्स एसोसिएशन ऑफ कोल्हान यूनिवर्सिटी (टाकू) के आह्वान पर बुधवार को शिक्षकों ने को-ऑपरेटिव कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया.
शिक्षकों के मुताबिक, टाकू को बिना विश्वास में लिए छुट्टी को पुनर्निर्धारित कर दिया गया. पहले 22 मई से 20 जून तक छुट्टी थी, लेकिन राजभवन द्वारा जारी नए कैलेंडर के अनुसार, सभी विश्वविद्यालयों में गर्मी की छुट्टी 1 से 20 जून तक कर दी गई है. संघ का कहना है कि ऐसा करना शिक्षकों के हितों के खिलाफ है.
टाकू का कहना है कि संघ को बिना विश्वास में लिए राज्यपाल के द्वारा छुट्टी को पुनर्निर्धारित कर दिया गया गया है. इसे लेकर जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज, द ग्रेजुएट स्कूल कॉलेज फॉर वीमेन, जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज समेत अन्य सभी कॉलेजों में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने काला बिल्ला लगा कर काम किया.
संघ का कहना है कि शिक्षक-शिक्षिकाओं को नन वैकेशनल वर्ग की तरह समझा जा रहा है, तो उन्हें 16 आकस्मिक अवकाश व 45 दिन का अर्न लीव दिया जाना चाहिए. शिक्षकों ने इस बात पर आपत्ति जताई कि जिस गति से शिक्षकों की छुट्टी काटी गई, उसी तेजी से शिक्षकों की प्रमोशन, पेंशन, एजीपी आदि को भी पूरा किया जाये, अन्यथा वे कलम बंद सांकेतिक प्रतिरोध करेंगे.

