
उदित वाणी, जमशेदपुर : प्रथम स्वर के तत्वावधान में 13 दिसंबर को संध्या 6 बजे से सोनारी स्थित भारत सेवाश्रम संघ के प्रेक्षागृह में एक संगीतमय संध्या का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के पहले चरण में शहर के प्रसिद्ध गायक अनिल कुमार सिंह ने राग श्याम कल्याण में विलंबित रूपक ताल एवं द्रुत तीनताल की बंदिशें प्रस्तुत की. उनके साथ तबले पर कार्तिक कर्मकार तथा हारमोनियम पर मनमोहन सिंह ने सराहनीय संगत की.
तानपुरा में लोपामुद्रा हलदर तथा मनीष कुमार दास ने संगत किए. कार्यक्रम के दूसरे चरण में कोलकाता के सुविख्यात तबला वादक पंडित सुजीत साहा ने एकल तबला वादन प्रस्तुत किया. उन्होंने फर्रुखाबाद घराने के टुकड़ा, परण, चक्रदार एवं गतों की सशक्त प्रस्तुति से श्रोताओं का दिल जीत लिया. इस प्रस्तुति में हारमोनियम पर पंडित सनातन गोस्वामी ने उत्कृष्ट संगत की.तीसरे चरण में कोलकाता के सुप्रसिद्ध गायक शुभमय भट्टाचार्य द्वारा राग शंकरा की प्रस्तुति से हुई.
उन्होंने विलंबित एकताल एवं द्रुत तीनताल में सुमधुर बंदिशें प्रस्तुत कीं. उनके सशक्त स्वर-संचालन, भावपूर्ण गायन एवं प्रभावशाली तानकारी से श्रोता मंत्रमुग्ध हो उठे. उनके साथ हारमोनियम पर पंडित सनातन गोस्वामी तथा तबले पर स्वरूप मोइत्रा ने संगत की.कार्यक्रम के अंतिम चरण में रांची से पधारे सितार वादक देवप्रिय ठाकुर ने राग गोरख कल्याण में आलाप, जोड़ एवं झाला प्रस्तुत करते हुए विलंबित एवं द्रुत तीनताल की बंदिशें बजाईं.
तबले पर उनके साथ प्रख्यात तबला वादक अभिताभ सेन ने प्रभावशाली संगत की. दोनों कलाकारों के बीच उत्कृष्ट तालमेल, रागदारी एवं सवाल-जवाब ने श्रोताओं को अत्यंत आनंदित किया.इस आयोजन को सफल बनाने में कृष्णेंदु पाल, देबार्घ राय, कार्तिक कर्मकार, अनिरुद्ध सेन, सुभाष बोस, अशोक कुमार सिंह, मनीष कुमार दास, सहित अन्य सहयोगियों ने सक्रिय भूमिका निभाई.

