
उदित वाणी, जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र के एनएच-33 स्थित यादव होटल के पास से चोरी हुए डंपर को पुलिस ने पश्चिम बंगाल के मेजिया टोल प्लाजा के पास से बरामद किया है. पुलिस ने इस मामले में डंपर खरीदने वाले पश्चिम बंगाल के अंडाल निवासी विप्र पादासाधु और कुल्टी निवासी चालक पवन ठाकुर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से चोरी हुआ डंपर भी बरामद किया है. टोल प्लाजा में लगे सेंसर ने डंपर में लगे फास्टैग को किया स्कैन पुलिस ने उन्हें तब गिरफ्तार किया जब दोनों डंपर को मेजिया टोल प्लाजा से लेकर पार हो रहे थे. इस दौरान टोल प्लाजा में लगे सेंसर ने डंपर में लगे फास्टैग को स्कैन किया और डंपर मालिक के खाते से टोल टैक्स काट लिया गया. जिससे पुलिस को जानकारी हो गयी. पुलिस ने तत्काल एक टीम का गठन कर छापेमारी कर डंपर को बरामद कर लिया. जानकारी देते हुए डीएसपी पटमदा सुमित कुमार ने बताया कि यादव होटल के पास से मुकेश सिंह के डंपर को अरविंद सिंह लीज पर लेकर चला रहे थे, जो 20 मई की देर रात चोरी हो गयी थी. पुलिस ने जब डंपर को बरामद किया, तो उसके चेचिस नंबर से छेड़छाड़ कर डंपर का नंबर जेएच-05एए-5571 से बदलकर डब्ल्यूबी-25डी-7110 कर दिया गया था. यह रजिस्ट्रेशन नंबर एक डंपर का ही है, जो एक्सीडेंट के बाद एक गैरेज में मरम्मत के लिए रखा गया था. जहां डंपर के चेचिस नंबर में छेड़छाड़ की गयी थी. पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गयी है.

