
उदितवाणी, पटमदा: रामनवमी पर्व को लेकर जिला प्रशासन के निर्देश पर सोमवार को पटमदा थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ सघन अभियान चलाया गया. थाना प्रभारी विष्णु चरण भोगता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए माचा गांव के जंगल में छापेमारी की.
जंगल में चल रही अवैध भट्ठियों पर कार्रवाई
छापेमारी के दौरान पुलिस ने जंगल में अवैध रूप से संचालित शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया. साथ ही शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री और महुआ जावा को भी मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध धंधा करने वालों में हड़कंप मच गया.
त्योहार को लेकर बढ़ी निगरानी
थाना प्रभारी ने बताया कि रामनवमी को देखते हुए पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है. किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
अवैध धंधा छोड़ने की चेतावनी
उन्होंने अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे स्वेच्छा से इस धंधे को छोड़ दें, अन्यथा पकड़े जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
अभियान में सशस्त्र बल भी शामिल
इस अभियान में पटमदा थाना के जवानों के साथ सशस्त्र बल के जवान भी शामिल रहे, जिन्होंने पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया.

