
उदित वाणी, पटमदा : पटमदा प्रखंड अंतर्गत बिड़रा गांव में रविवार की शाम ब्रेकथ्रू साइंस सोसाइटी के तत्वावधान में एक अनोखे विज्ञान आधारित खगोलीय अवलोकन कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व उपमुखिया गोपाल गोराई ने किया. इस अवसर पर टेलीस्कोप के माध्यम से चांद, तारे, ग्रह-नक्षत्रों एवं आकाशगंगा के अद्भुत दृश्य दिखाए गए. साथ ही बिग बैंग सिद्धांत के आधार पर ब्रह्मांड की उत्पत्ति और विभिन्न खगोलीय घटनाओं की वैज्ञानिक जानकारी दी गई, जिससे उपस्थित लोगों विशेषकर बच्चों में विज्ञान के प्रति गहरी रुचि देखने को मिली.
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अंचल अधिकारी डॉ. राजेन्द्र कुमार दास ने बताया कि बिग बैंग सिद्धांत के अनुसार लगभग 13.8 अरब वर्ष पहले ब्रह्मांड एक अत्यंत छोटे और अत्यधिक गर्म बिंदु से उत्पन्न हुआ, जो निरंतर विस्तार कर रहा है. इसी प्रक्रिया में आकाशगंगाओं का निर्माण हुआ, जिनमें अरबों तारे और ग्रह शामिल हैं. उन्होंने बताया कि हमारी आकाशगंगा मिल्की वे में स्थित सूर्य एक तारा है, जिसके चारों ओर पृथ्वी सहित अन्य ग्रह परिक्रमा करते हैं. पृथ्वी के अपनी धुरी पर घूमने से दिन-रात तथा सूर्य की परिक्रमा से ऋतुओं का परिवर्तन होता है.
विशिष्ट अतिथि शिक्षाविद डॉ. तरुण कुमार महतो ने कहा कि वैज्ञानिक सोच अपनाने से ही अंधविश्वासों को दूर किया जा सकता है. उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि पहले ग्रहण को अशुभ माना जाता था, जबकि यह एक सामान्य खगोलीय घटना है. इसी प्रकार टूटते तारे को अपशकुन समझा जाता है, जबकि वास्तव में वे अंतरिक्ष से आने वाले छोटे कण होते हैं, जो पृथ्वी के वायुमंडल में जलकर नष्ट हो जाते हैं.
समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने ग्रहण की वैज्ञानिक प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाते हुए बताया कि जब सूर्य, पृथ्वी और चंद्रमा एक सीध में आते हैं, तब ग्रहण की स्थिति बनती है. सूर्य ग्रहण में चंद्रमा सूर्य और पृथ्वी के बीच आ जाता है, जबकि चंद्र ग्रहण में पृथ्वी सूर्य और चंद्रमा के बीच आकर अपनी छाया चंद्रमा पर डालती है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह प्राकृतिक प्रक्रिया है, इसमें किसी अलौकिक शक्ति का कोई प्रभाव नहीं होता.
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएँ, शिक्षक, अभिभावक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे. टेलीस्कोप से चंद्रमा और तारों का प्रत्यक्ष अवलोकन कर बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला. इस दौरान आयोजित क्विज प्रतियोगिता में प्रिया मोदक ने प्रथम, शुभजीत गोराई ने द्वितीय तथा चुमकी प्रमाणिक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया.
कार्यक्रम को सफल बनाने में ब्रेकथ्रू साइंस सोसाइटी के राज्य कमिटी सदस्य पतित पावन कुईला, मुखिया प्रतिनिधि खांदु सिंह, युधिष्ठिर कुमार, शिक्षक सत्यरंजन सीट, बिप्लब गोराई, मथुर महतो, लक्ष्मण गोराई, रिंकू महतो, नरेश कुमार महतो, देवेन गोराई, अरूप सरकार सहित अन्य लोगों का सराहनीय योगदान रहा.

