
जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. ताजा मामला करनडीह स्थित बागबेड़ा विद्युत आपूर्ति शाखा कार्यालय का है, जहां चोरों ने सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया.
छुट्टी के दिन बनाया निशाना, छह ताले तोड़े
बताया जा रहा है कि 27 तारीख को अवकाश के दौरान चोरों ने कार्यालय को निशाना बनाया. मुख्य गेट पर लगे करीब छह तालों को तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया. जब कर्मचारी अगले दिन कार्यालय पहुंचे, तो गेट के सभी ताले टूटे हुए पाए गए.
अलमारी तोड़ने का प्रयास, चाबी क्षतिग्रस्त
कार्यालय के अंदर जाने पर कर्मचारियों ने देखा कि अलमारी को भी तोड़ने का प्रयास किया गया है. अलमारी की चाबी पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दी गई थी, जिससे साफ है कि चोर अंदर रखे सामान तक पहुंचने की कोशिश में थे.
कंप्यूटर उपकरणों की चोरी
चोरों ने सहायक कर्मी चंदन कुमार की टेबल से यूपीएस, कीबोर्ड सहित अन्य कंप्यूटर उपकरणों की चोरी कर ली. इसके अलावा दूसरी टेबल से भी कीबोर्ड, माउस और कंप्यूटर के अन्य सामान गायब पाए गए.
60 हजार तक का नुकसान
बिजली विभाग के तकनीकी सहायक चंदन कुमार के अनुसार, चोरी हुए उपकरणों की कीमत करीब 55 से 60 हजार रुपये आंकी गई है.
लगातार चोरी से दहशत, कार्रवाई की मांग
क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द कार्रवाई कर चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है.

