
उदित वाणी, जमशेदपुर: आदित्यपुर थाना क्षेत्र में ट्यूशन से लौट रही छात्राओं के साथ छेड़खानी और मारपीट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। गिरफ्तार युवक का नाम अभिजीत विश्वाल (पिता-गोविन्द विश्वाल) है। वह सालडीह बस्ती (माँझी टोला) का रहने वाला है और चाँदनी चौक निवासी सुशील मंडल के घर में किरायेदार के रूप में रह रहा था।
यह कार्रवाई आदित्यपुर थाना कांड संख्या-258/25, दिनांक 20.08.2025, धारा 126(2)/115(2)/76/3(5) बीएनएस के तहत दर्ज प्राथमिकी के आधार पर की गई है। फिलहाल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
छापेमारी टीम में थाना प्रभारी विनोद कुमार तिर्की, पुलिस अवर निरीक्षक सुनील कुमार सिंह और सशस्त्र पुलिस बल शामिल थे।
बता दें कि बुधवार शाम करीब 5.30 बजे की घटना में 4-5 असामाजिक तत्वों ने राममड़ैया बस्ती की दो छात्राओं से छेड़खानी और मारपीट की थी। इस दौरान साथ लौट रहे छात्रों ने जब विरोध किया तो उन्हें भी पीटा गया। हमले में किशन कुमार नामक छात्र का सिर फट गया था।

