
उदितवाणी, चाईबासा: संवैधानिक मूल्यों के प्रसार हेतु कोल्हान क्षेत्र अन्तर्गत संचालित घुमंतू पुस्तकालय यात्रा आज पांचवें दिन टाटा कॉलेज, चाईबासा पहुंची. यहां कॉलेज प्रबंधन द्वारा संकल्प पट पर हस्ताक्षर कर इसकी शुरुआत की गई.
ज्ञात हो कि इस पुस्तकालय यात्रा की शुरुआत आरंभ युवा मंच द्वारा विगत 21 नवंबर से की गई है. विभिन्न शिक्षण संस्थानों का सफ़र तय करते हुए यह यात्रा आज शुक्रवार को टाटा कॉलेज, चाईबासा पहुंची. सुबह दस बजे से अपराह्न तीन बजे तक लगे स्टॉल में कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने पुस्तकालय के लगे स्टॉल में आकर विभिन्न पुस्तकों का अवलोकन एवं अध्ययन किया.
इसके बाद कई छात्र-छात्राओं ने पुस्तकों की विषय-वस्तु पर अपना फीडबैक भी दिया. इसके उपरांत ज़िला समाहरणालय में उपायुक्त अनन्य मित्तल को उनके कक्ष में संविधान की उद्देशिका (फ्रेम सहित) भेंट स्वरूप दी गई और घुमंतू पुस्तकालय यात्रा के उद्देश्यों की उनको जानकारी दी.
उपायुक्त ने यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में इसकी बहुत ज़्यादा ज़रूरत है. आज घुमंतू पुस्तकालय यात्रा में अंकुर सारस्वत, विकाश कुमार, प्रियांक, शशांक शेखर, कृष्णा दिग्गी और अजय शामिल रहे.
आज होगा यात्रा का समापन
पुस्तकालय यात्रा का समापन कल “संविधान दिवस” पर करनडीह स्थित एलबीएसएम कॉलेज में होगा.

