
उदित वाणी, जमशेदपुर : नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) जमशेदपुर के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन ‘सतत बदलावों के लिए इंजीनियरिंग में नवाचार’ (इनोवेस्ट-2026) का शनिवार को समापन हुआ. यह आयोजन शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों और उद्योग जगत के दिग्गजों के लिए एक प्रेरणादायक मंच साबित हुआ, जहां सतत विकास की दिशा में तकनीकी समाधानों पर विस्तृत चर्चा की गई.
कार्यक्रम के समापन सत्र की शोभा संस्थान के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार, उप निदेशक प्रो. आरवी शर्मा, डीन (शैक्षणिक) प्रो. एमके. सिन्हा, रजिस्ट्रार प्रो. एसके सारंगी और मैकेनिकल विभाग के प्रमुख डॉ. परमानंद कुमार ने बढ़ाई. अपने संबोधन में निदेशक प्रो. सूत्रधार ने वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए इंजीनियरिंग नवाचार की अनिवार्यता पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि आज के दौर में अंतर्विषयक सहयोग और व्यावहारिक समाधान ही पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी को सुदृढ़ कर सकते हैं. उप निदेशक प्रो. शर्मा और डीन प्रो. सिन्हा ने प्रस्तुत शोध पत्रों की उच्च गुणवत्ता की सराहना करते हुए प्रतिभागियों को सतत इंजीनियरिंग के उभरते क्षेत्रों में निरंतर योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया.
विभागाध्यक्ष डॉ. परमानंद कुमार ने सम्मेलन की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे मंच युवाओं में नवाचार और ज्ञान के प्रसार के लिए अत्यंत आवश्यक हैं. इस सम्मेलन में देश भर से आए संकाय सदस्यों और छात्रों ने हाइब्रिड मोड (ऑनलाइन और ऑफलाइन) के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई. आयोजन सचिवों डॉ. आरके गौड़ा, डॉ. एके पटेल, डॉ. एसके झा, डॉ. एके रे, डॉ. एसके एस. सुधांशु और डॉ. अभिषेक शर्मा के नियोजन ने कार्यक्रम के सुचारू संचालन को सुनिश्चित किया.

