
उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम अस्पताल में मंगलवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मेडिसिन वार्ड में भर्ती एक मानसिक रूप से अस्थिर मरीज ने खिड़की से कूदने की कोशिश की. हालांकि, नर्सों और सुरक्षाकर्मियों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया.
मुसाबनी का रहने वाला यह मरीज अचानक अपने बिस्तर से उठकर वार्ड की खिड़की पर चढ़ने लगा. यह दृश्य देख वहां मौजूद अटेंडरों के बीच अफरा-तफरी मच गई. कुछ ही पलों में स्थिति गंभीर होती दिखी, लेकिन शोर सुनकर मौके पर पहुंची नर्सों ने बिना समय गंवाए तुरंत होमगार्ड जवानों को सूचना दी.
सूचना मिलते ही जवानों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मरीज को खिड़की से नीचे उतराया और सुरक्षित तरीके से उसे वापस बिस्तर पर लिटा दिया. इसके बाद मरीज को शांत कराने के लिए आवश्यक देखभाल भी की गई.
गौरतलब है कि महज पांच दिन पहले इसी वार्ड से एक अन्य मरीज ने खिड़की से कूदकर आत्महत्या कर ली थी. ताजा घटना के बाद एक बार फिर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं. मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि वार्ड की खिड़कियों और निगरानी व्यवस्था को और सख्त करने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके.

