उदित वाणी, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन का एक प्रतिनिधिमंडल जिला अध्यक्ष मुकेश मित्तल के नेतृत्व में सिटी एसपी से शिष्टाचार मुलाकात करने पहुंचा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने शहर में हाल के कानून-व्यवस्था और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा करते हुए एक संयुक्त ज्ञापन सौंपा।
सोनारी चोरी की घटना पर जताई चिंता
प्रतिनिधिमंडल ने सोनारी थाना क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस घटना से इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। प्रशासन से मांग की गई कि मामले का जल्द खुलासा कर अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और रात्रि गश्ती को मजबूत किया जाए।
ट्रांसजेंडर समुदाय द्वारा अधिक राशि मांगने का मुद्दा उठाया
बैठक में जन्म, विवाह और गृह प्रवेश जैसे अवसरों पर ट्रांसजेंडर समुदाय द्वारा अत्यधिक धनराशि मांगने का मुद्दा भी उठाया गया। सम्मेलन ने बताया कि इस विषय पर विचार करते हुए अधिकतम ₹3100 की राशि तय करने का प्रस्ताव रखा गया है, ताकि सामाजिक संतुलन बना रहे।
प्रशासन से दिशा-निर्देश जारी करने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से आग्रह किया कि इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, जिससे आम लोगों को किसी प्रकार का दबाव न झेलना पड़े।
सिटी एसपी ने दिया आश्वासन
सिटी एसपी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि चोरी की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। सामाजिक मुद्दे पर भी उचित पहल का भरोसा दिया गया।
ये लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला महासचिव प्रदीप कुमार मिश्रा, संयुक्त महासचिव आकाश शाह, उपाध्यक्ष दिलीप गोयल, मनोज चेतानी, श्याम अग्रवाल, सचिव राजेश अग्रवाल, राम रतन खंडेलवाल और कार्यसमिति सदस्य राजेश शर्मा मौजूद रहे।


