
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो स्थित डॉ. बदर नर्सिंग होम क्लिनिक में इलाज के बाद युवक की संदिग्ध मौत के मामले में परिजनों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है. घटना के पांच दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने पर मृतक के पिता महमूद आलम ने वरीय पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई है.
अपने पत्र में महमूद आलम ने बताया कि 27 मार्च को उनके पुत्र की मौत के मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि धारा 103(1) हत्या जैसे गंभीर और संज्ञेय अपराध से जुड़ी है, जिसमें पुलिस बिना वारंट के भी गिरफ्तारी कर सकती है. इसके बावजूद नामजद आरोपी डॉक्टर बदर और डॉक्टर अजय प्रसाद की अब तक गिरफ्तारी नहीं होना कई सवाल खड़े करता है.
मृतक के पिता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए यह भी कहा कि घटना मानगो थाना क्षेत्र की है, फिर भी मामला परसुडीह थाने में दर्ज किया गया, जो समझ से परे है. उन्होंने इसे जांच की दिशा को प्रभावित करने वाला कदम बताया.
परिजनों ने एसएसपी से मांग की है कि अब तक की देरी के कारणों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए. साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई की अपील की है.
इस मामले ने शहर में चिकित्सा लापरवाही और पुलिस कार्रवाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे लोगों में चिंता और आक्रोश दोनों देखा जा रहा है.

