
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो स्थित एक निजी डॉ. बदर नर्सिंग होम में युवक की संदिग्ध मौत के बाद मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. इलाज के दौरान हुई इस मौत ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने सोमवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई.
विधायक, आजादनगर के प्रतिनिधि मोहम्मद निसार अहमद के साथ मानगो रोड नंबर 13 स्थित मृतक रियान आलम के घर पहुंचे. यहां उन्होंने परिजनों से विस्तार से बातचीत की. परिवार का आरोप है कि रियान की मौत इलाज में लापरवाही के कारण हुई. उनका कहना है कि रियान को कोई गंभीर बीमारी नहीं थी, वह केवल अपेंडिक्स का साधारण ऑपरेशन कराने नर्सिंग होम गया था.
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक सरयू राय ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला चिकित्सा लापरवाही का प्रतीत होता है. उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस को जांच में सहयोग नहीं मिल रहा है, क्योंकि संबंधित नर्सिंग होम जांच के दौरान अक्सर बंद पाया जाता है.
विधायक ने आश्वासन दिया कि उन्होंने सिविल सर्जन को जांच के निर्देश देने का आग्रह किया है और जल्द ही उपायुक्त से मुलाकात कर इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे. उन्होंने स्पष्ट कहा कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा.
इस दौरान मृतक के पिता महमूद आलम, भाई साबिर आलम, माता समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे. घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोग न्याय की मांग कर रहे हैं.

