
उदित वाणी, जमशेदपुर : वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतिम दिन मानगो नगर निगम ने टैक्स वसूली में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की. निर्धारित करीब 18 करोड़ रुपये के लक्ष्य के विरुद्ध निगम ने मंगलवार देर शाम तक 90 प्रतिशत से अधिक वसूली सुनिश्चित कर ली. महावीर जयंती की छुट्टी के बावजूद उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार के निर्देश पर कार्यालय खुला रखा गया.
अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रियता के कारण अंतिम दिन होल्डिंग (प्रॉपर्टी) टैक्स में 1 करोड़, जल कर में 1 लाख 88 हजार तथा ट्रेड लाइसेंस में 10 हजार रुपये की वसूली हुई. निगम का कुल लक्ष्य 17 करोड़ 18 लाख 50 हजार रुपये निर्धारित था, जिसमें होल्डिंग टैक्स का लक्ष्य 13 करोड़ 85 लाख, वाटर यूजर चार्ज 3 करोड़ 6 लाख और ट्रेड लाइसेंस 27 लाख 50 हजार रुपये शामिल थे. प्राप्त आंकड़ों के अनुसार होल्डिंग टैक्स में शत-प्रतिशत वसूली हासिल की गई, जबकि वाटर यूजर चार्ज में 91 प्रतिशत और ट्रेड लाइसेंस में 99 प्रतिशत वसूली दर्ज की गई.
अंतिम दिन 318 करदाताओं ने टैक्स कलेक्टर के हाथों एवं कार्यालय पहुंचकर अपना बकाया टैक्स ऑनलाइन जमा कराया. निगम प्रशासन की सतर्कता और टीमवर्क के चलते वित्तीय वर्ष के समापन पर यह उपलब्धि हासिल हो सकी. इसमें मुख्य रूप से सर्किल मैनेजर शिवम कुमार, टीम लीडर पंकज कुमार एवं टीम में शामिल टैक्स कलेक्टर अमित दत्ता, सुमित दत्ता, प्रेम कुमार गुप्ता, मंगल सिंह केराई, राहुल हालदार, संजय पासवान, सुमित सिंह एवं रियाज अहमद ने सराहनीय योगदान दिया.

