
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में आयशा पेट्रोल पंप के पास गुरुवार रात करीब 9 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हंगामे का रूप ले लिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
दो पक्षों के बीच मारपीट से बढ़ा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, पेट्रोल पंप के समीप मोमोज का ठेला लगाने वाले युवक शाकिब और कुछ अन्य युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह विवाद बढ़कर झगड़े में बदल गया।
बताया जाता है कि कुछ युवक कार और बुलेट बाइक से मौके पर पहुंचे थे, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा हुआ। घटना ने आसपास के लोगों का ध्यान आकर्षित किया और बड़ी संख्या में लोग वहां इकट्ठा हो गए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कराया शांत
स्थिति की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को हटाकर हालात को नियंत्रित किया और इलाके में शांति बहाल कराई।
शिकायत दर्ज कराने थाना पहुंचा पक्ष
घटना के बाद मोमोज ठेला संचालक का पक्ष शिकायत दर्ज कराने के लिए मानगो थाना पहुंचा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।

