उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो स्थित ‘मानगो क्लीनिक’ में युवक रियान आलम की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है. इस बीच नर्सिंग होम के संचालक डॉ. अशरफ बदर ने प्रेस वार्ता कर पूरे घटनाक्रम पर अपनी स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने कहा कि एनेस्थीसिया देने वाले चिकित्सक डॉ. अजय प्रसाद पर लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद हैं और कुछ लोग इसे जानबूझकर राजनीतिक मुद्दा बना रहे हैं.
डॉ. बदर के अनुसार, रियान 26 मार्च को पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचा था. जांच में पेट में ट्यूमर पाया गया, जिसके इलाज के लिए लेजर ऑपरेशन की तैयारी की जा रही थी. ऑपरेशन से पहले प्रोटोकॉल के तहत एनेस्थीसिया दिया गया, लेकिन इसी दौरान मरीज का ब्लड प्रेशर अनियंत्रित होने लगा. स्थिति गंभीर देखते हुए उसे तत्काल सदर अस्पताल रेफर किया गया.
उन्होंने बताया कि रेफर के दौरान मरीज की सांसें सामान्य थीं और परिजन भी इस बात के गवाह हैं. रास्ते में रियान बातचीत भी कर रहा था. हालांकि, अस्पताल पहुंचने के कुछ घंटों बाद उसकी तबीयत और बिगड़ गई और अंततः उसकी मौत हो गई.
डॉ. बदर ने घटना पर शोक जताते हुए कहा कि बायोप्सी रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएंगे. साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि एक स्थानीय नेता निजी स्वार्थ के चलते इस मामले को हवा दे रहा है. प्रेस वार्ता में कई चिकित्सक भी मौजूद रहे.

