उदित वाणी,जमशेदपुर: मानगो स्थित आज़ादनगर रोड नंबर-1 के राशन वितरण केंद्र पर सोमवार सुबह अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जैसे ही लोग राशन लेने पहुंचे, वहां भीड़ बढ़ने लगी, लेकिन व्यवस्थापन पूरी तरह नदारद दिखा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि केंद्र संचालक और कर्मचारी भीड़ को संभालने के बजाय अभद्र व्यवहार करते हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई बार कर्मचारियों द्वारा लोगों को लाइन से हटाने के लिए लाठी-डंडे तक का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो जाती है। सोमवार को भी घंटों इंतजार के बाद जब लोगों को बताया गया कि सभी को राशन नहीं मिल पाएगा, तो उनका गुस्सा फूट पड़ा।
देखते ही देखते केंद्र के बाहर हंगामा शुरू हो गया। आक्रोशित लोगों ने अव्यवस्था और दुर्व्यवहार के खिलाफ जोरदार विरोध जताया। सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने लोगों को शांत कराया और राशन दुकान के कर्मचारियों से बातचीत कर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि वितरण केंद्र पर पारदर्शिता और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने।


