
उदित वाणी,जमशेदपुर: वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत जिले में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज हो गई है। इसी कड़ी में मंगलवार देर रात करीब 1:30 बजे मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बड़े नशीली दवा तस्कर को दबोच लिया।
सूचना थी कि एक व्यक्ति कोलकाता से बस द्वारा आकर प्रतिबंधित नशीली दवाओं की खेप लेकर शहर में प्रवेश कर चुका है, जिसका उपयोग खासकर युवा वर्ग नशे के रूप में करता है। सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक, पटमदा के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम गठित की गई। टीम में ओलीडीह ओपी प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
छापेमारी के दौरान शंकोसाई रोड नंबर-04 के पास संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। तलाशी में उसके पास मौजूद लाल रंग के ट्रॉली बैग से 100 एमएल की 120 बोतल ‘विंसेरेक्स कफ सिरप’ बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जीशान अहमद (30 वर्ष) जवाहर नगर, मानगो निवासी के रूप में हुई है। औषधि निरीक्षक की रिपोर्ट के अनुसार यह दवा नशे की लत पैदा करने वाली है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

