
उदित वाणी, जमशेदपुर: उलीडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान राजेंद्र नगर, कुवर सिंह रोड निवासी मनोज कुमार दास उर्फ कल्लू के रूप में हुई है। उसके पास से कुल 63 पुड़िया ब्राउन शुगर, जिसका वजन 5.01 ग्राम बताया जा रहा है, बरामद किया गया है।

डीएसपी पटमदा बच्चन देव कुजूर ने बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सुबह गुप्त सूचना मिली थी कि एनएच-33 स्थित सुवर्णरेखा प्रोजेक्ट के आवासीय परिसर में एक जर्जर मकान के भीतर कुछ लोग नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सिटी एसपी के निर्देश पर पटमदा पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई के दौरान मनोज दास को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से ब्राउन शुगर की पुड़िया बरामद हुई। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।

