
उदितवाणी,जमशेदपुर: जमशेदपुर के करनडीह स्थित एलबीएसएम कॉलेज में शुक्रवार को रसायन विज्ञान विभाग की ओर से एकेडमिक लेक्चर सीरीज की शुरुआत की गई.
रसायन विज्ञान विभाग द्वारा प्रथम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं के लिए एकेडमिक लेक्चर सीरीज के तहत जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज रसायन विभागाध्यक्ष डॉ. गजेन्द्र कुमार सिंह ने परमाणु के अंदर पाए जाने वाले मौलिक कण के विषय में चर्चा की. उन्होंने अनेकों प्रकार के मौलिक कणों के आविष्कार एवं गुणों की चर्चा की.
साइंस को-ऑर्डिनेटर प्रो. अरविंद प्रसाद पंडित ने बताया कि करीब 12 आमंत्रित प्रोफेसर प्रथम सेमेस्टर के पाठ्यक्रम को पूरा करने आएंगे. इससे पहले कार्यक्रम का उद्घाटन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार झा ने किया.
उन्होंने कहा कि इस सीरीज के दौरान जो भी लेक्चर होंगे, उन्हें पुस्तक के रूप में भी आईएसबीएन नम्बर के साथ प्रिंट कराया जायेगा. यह छात्र-छात्राओं के लिए लाभकारी साबित होगा. इस अवसर पर प्रो. विनय, प्रो. बिनोद, संचिता भोई सेन, मौसमी, रीतू, बाबूराम, प्रमिला, सलोनी, शबनम समेत छात्र-छात्राएं उपस्थित थे. जया कच्छप ने धन्यवाद ज्ञापन किया.

