
उदित वाणी,जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर पिस्तौल के बल पर धमकाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ठेकेदार कुलदीप सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मामले में शिकायतकर्ता अमित कुमार सिंह, जो जुगसलाई स्टेशन रोड स्थित इंदू अपार्टमेंट के पांचवें तल्ले के निवासी हैं, ने आरोप लगाया है कि उनकी पुश्तैनी जमीन (प्लॉट संख्या 962, खाता संख्या 97) पर जाली दस्तावेजों के आधार पर जबरन निर्माण कराया जा रहा है। इस निर्माण कार्य में मंजू खेतान और संतोष खेतान का नाम भी सामने आया है।
अमित के अनुसार, 25 मार्च की सुबह करीब 11:30 बजे जब वे अपनी जमीन पर चल रहे निर्माण कार्य को रुकवाने पहुंचे, तो वहां मौजूद कुलदीप सिंह ने उनके साथ गाली-गलौज की और पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि कुलदीप ने उन्हें वहां से तुरंत चले जाने को कहा और विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
घटना से भयभीत अमित ने जुगसलाई थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई, साथ ही एसएसपी कार्यालय में भी मामले की सूचना दी। इस बीच आरोपी की पिस्तौल के साथ एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिससे मामला और गंभीर हो गया।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और हथियार बरामद करने का प्रयास जारी है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

