
उदित वाणी,जमशेदपुर: कोल्हान विश्वविद्यालय चाईबासा द्वारा बेसिक बीएससी नर्सिंग सत्र 2025-2029 के प्रथम सेमेस्टर के छात्रों के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया और तिथियां घोषित कर दी गई हैं। विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, छात्र निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना ऑफलाइन पंजीकरण फॉर्म भर सकते हैं।
बिना विलंब शुल्क के छात्र 27 मार्च 2026 से 6 अप्रैल 2026 तक अपने संबंधित कॉलेजों में पंजीकरण फॉर्म जमा कर सकते हैं। इसके बाद, कॉलेजों को ये फॉर्म 7 अप्रैल से 8 अप्रैल 2026 के बीच विश्वविद्यालय कार्यालय में जमा करने होंगे। जो छात्र निर्धारित समय पर फॉर्म नहीं भर पाएंगे, उन्हें 500 रुपये प्रति परीक्षार्थी विलंब शुल्क के साथ 7 अप्रैल से 8 अप्रैल 2026 तक फॉर्म भरने का मौका दिया जाएगा। विलंब शुल्क के साथ कॉलेजों द्वारा विश्वविद्यालय में फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 10 अप्रैल 2026 तय की गई है।
यह अधिसूचना मुख्य रूप से एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग, सरदार पटेल ग्रुप ऑफ एजुकेशन (गालूडीह) और उषा कॉलेज ऑफ नर्सिंग के छात्रों के लिए प्रभावी है। पंजीकरण शुल्क के रूप में झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) के छात्रों को 200 रुपये और अन्य बोर्ड या राज्यों के छात्रों को 400 रुपये का भुगतान करना होगा। इसके अतिरिक्त, पंजीकरण फॉर्म की लागत 50 रुपये निर्धारित की गई है।
छात्रों को अपने पंजीकरण फॉर्म के साथ पिछले परीक्षा के एडमिट कार्ड और मार्कशीट की फोटोकॉपी के साथ-साथ ओरिजिनल माइग्रेशन सर्टिफिकेट संलग्न करना अनिवार्य है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्थिति में व्यक्तिगत तौर पर छात्र से सीधे फॉर्म स्वीकार नहीं किए जाएंगे। सभी आवेदन संबंधित कॉलेज के माध्यम से ही आने चाहिए। इसके अलावा, कॉलेजों को छात्रों के विवरण की दो हार्ड कॉपी और पेन ड्राइव में सॉफ्ट कॉपी भी जमा करनी होगी।

