उदित वाणी, जमशेदपुर : बर्मामाइन्स थाना क्षेत्र स्थित कैरेज कॉलोनी मुस्लिम बस्ती में पुलिस ने बुधवार शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए राशन दुकान से अवैध गांजा कारोबार का भंडाफोड़ किया. गुप्त सूचना पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश में गठित टीम ने दंडाधिकारी की मौजूदगी में फलक स्टोर राशन दुकान में छापेमारी की. छापेमारी के दौरान दुकान के बाहर मौजूद ग्राहक पुलिस को देखते ही फरार हो गए, जबकि दुकान संचालक मो. समद को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दुकान के काउंटर में छिपाकर रखे गए 17 पुड़िया गांजा और प्लास्टिक में रखा खुला गांजा बरामद किया. बरामद गांजा का कुल वजन करीब 270 ग्राम बताया गया है. पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से किराना दुकान की आड़ में गांजा की बिक्री कर रहा था, जिससे बस्ती के युवाओं पर बुरा असर पड़ रहा था.
गिरफ्तार मो. समद का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. वह डकैती और मारपीट जैसे मामलों में जेल जा चुका है. पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से इलाके में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी. मामले में बर्मामाइन्स थाना में एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.


