
उदित वाणी, जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। यह छापेमारी गरीब नवाज कॉलोनी स्थित भवन पान दुकान के पास आधी रात के बाद की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक हथियार के साथ बैठकर उसकी खरीद-बिक्री की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने खदबद उर्फ शेख अफरीदी को गिरफ्तार कर लिया, जो वहीं का रहने वाला बताया जा रहा है।
हालांकि, छापेमारी के दौरान उसके दो साथी सुकट और समर मौके से फरार होने में सफल रहे। दोनों आरोपी जुगसलाई के चूनाशाह कॉलोनी, पटनहिया मोहल्ला के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों मौके से भाग निकले।
गिरफ्तार आरोपी के पास से एक देशी पिस्टल और 7.65 एमएम के दो खोखा बरामद किए गए हैं। इसके बाद पुलिस ने फरार आरोपियों के ठिकानों पर भी छापेमारी की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
इस संबंध में जुगसलाई थाना के एसआई राजेश बिनहा के बयान पर तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

