उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध नशीली दवाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रांसपोर्ट कार्यालय से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली थी कि नया बाजार, बोरापट्टी स्थित एक ट्रांसपोर्ट गोदाम में प्रतिबंधित दवाएं अवैध रूप से संग्रहित की गई हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (विधि व्यवस्था) के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल गठित किया गया।

छापामारी के दौरान बोलबम ट्रांसपोर्ट के कार्यालय एवं गोदाम से 20 पेटियों में रखी गई कुल 4796 बोतल ‘ऑनरेक्स कफ सिरप’ बरामद की गई। इस कफ सिरप में कोडीन फॉस्फेट जैसे नशीले तत्व पाए गए हैं, जिसका दुरुपयोग नशे के रूप में किया जाता है। बरामद दवाओं का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 9.66 लाख रुपये बताया जा रहा है।
पुलिस ने मौके से ट्रांसपोर्ट संचालक शशिकांत मिश्रा (59 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। औषधि निरीक्षक की जांच रिपोर्ट के आधार पर जुगसलाई थाना में एनडीपीएस एक्ट और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह खेप कहां से लाई गई और किन-किन स्थानों पर सप्लाई की जानी थी।


