
उदित वाणी, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा आगामी 19 अप्रैल 2026 (रविवार) को आयोजित होने वाली झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. इस परीक्षा को सफल, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने कमर कस ली है.
60 केंद्रों पर दो पालियों में होगी परीक्षा
जिले के कुल 60 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी. इसमें कुल 26,530 परीक्षार्थी शामिल होंगे.
प्रथम पाली: सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक.
द्वितीय पाली: दोपहर 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक.

बिरसा मुंडा टाउन हॉल में अधिकारियों की ब्रीफिंग
परीक्षा के सफल संचालन हेतु जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी और सिटी एसपी श्री कुमार शिवाशीष ने सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में स्टैटिक दण्डाधिकारी,उड़नदस्ता दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारियों और केन्द्राधीक्षकों को ब्रीफिंग दी. इस दौरान एडीएम लॉ एंड ऑर्डर श्री राहुल जी आनंद जी, एसडीएम धालभूम श्री अर्नव मिश्रा समेत अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे.
कदाचार रोकने के लिए विशेष सतर्कता
उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा आयोजित करना है. सभी केंद्रों पर दण्डाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी समय से अपने केंद्रों पर उपस्थित रहकर अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें. परीक्षा सामग्री के सुरक्षित भंडारण और वितरण के लिए भी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं.
सघन जांच और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर रोक
सिटी एसपी श्री कुमार शिवाशीष ने सुरक्षा मानकों पर जोर देते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों पर मेटल डिटेक्टर (Metal Detector) और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) से परीक्षार्थियों की सघन जांच (Frisking) की जाएगी.
महिला अभ्यर्थी: महिला पुलिसकर्मियों द्वारा जांच की जाएगी.
प्रतिबंधित वस्तुएं: मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, कैलकुलेटर, पेजर या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूर्णतः वर्जित है.
सख्त कार्रवाई: किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि या कदाचार में लिप्त पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
परीक्षार्थियों से अपील
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे सुचारू संचालन के लिए निर्धारित समय से काफी पहले अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचें और जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें.

