
रांची: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि झारखंड में विधि-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और आम लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.
अपराध के आंकड़ों को लेकर बड़ा दावा
प्रतुल शाहदेव ने नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) और झारखंड पुलिस की वेबसाइट के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि जनवरी 2020 से जनवरी 2026 तक राज्य में 10,113 दुष्कर्म, 11,000 से अधिक अपहरण, 60,000 से ज्यादा चोरी और 9,213 हत्याएं दर्ज की गई हैं. इस अवधि में कुल 2 लाख 80 हजार से अधिक संज्ञेय अपराध हुए हैं. उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2020 के बाद अपराध की घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है.
सरकार पर उपेक्षा का आरोप
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति इसलिए खराब हुई है क्योंकि सरकार का इस पर ध्यान नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में बालू, कोयला और लोहा चोरी का संगठित खेल चल रहा है, जो बिना संरक्षण के संभव नहीं है.
न्यायालय की टिप्पणी का जिक्र
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि उच्च न्यायालय भी कई बार राज्य सरकार को कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर फटकार लगा चुका है. इसके बावजूद हालात में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है.
सजा दर पर उठाए सवाल
उन्होंने कहा कि अपराधियों को सजा दिलाने के मामले में पुलिस का रिकॉर्ड संतोषजनक नहीं है, खासकर दुष्कर्म जैसे मामलों में. उनका कहना था कि जब तक दोषियों को सजा नहीं मिलेगी, अपराध पर नियंत्रण संभव नहीं है.
पुलिस से सुधार की अपील
भाजपा प्रवक्ता ने पुलिस प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि वह जनता का विश्वास जीतने के लिए ठोस कदम उठाए, खुफिया तंत्र को मजबूत करे और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाए. उन्होंने कहा कि केवल संसाधन बढ़ाने से नहीं, बल्कि सख्त कार्रवाई और प्रतिबद्धता से ही स्थिति में सुधार आएगा.
प्रतिनिधिमंडल ने की DGP से मुलाकात
झारखंड में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को पुलिस महानिदेशक (DGP) से मुलाकात की. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रताप साहू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर राज्य में ‘तुष्टीकरण जनित अपराधों’ पर तत्काल रोक लगाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
(पूरी खबर के लिए क्लिक करें )

