
जमशेदपुर: राज्य में 6 अप्रैल से प्रस्तावित जूनियर डॉक्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल को लेकर स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन–जूनियर डॉक्टर नेटवर्क (आईएमए – जेडीएन) के प्रतिनिधियों के साथ अहम बैठक की। बैठक में संगठन की ओर से राज्य सचिव डॉ. राघवेन्द्र सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक के दौरान अपर मुख्य सचिव ने बताया कि जूनियर डॉक्टरों के स्टाइपेंड में वृद्धि से संबंधित फाइल विभाग द्वारा आगे बढ़ा दी गई है और अब इस पर अंतिम निर्णय कैबिनेट स्तर पर लिया जाना शेष है। उन्होंने संकेत दिया कि सरकार इस मुद्दे को लेकर गंभीर है और जल्द समाधान की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, आईएमए – जेडीएन के राज्य सचिव डॉ. राघवेन्द्र ने स्पष्ट रूप से कहा कि सरकार को अविलंब कैबिनेट बैठक बुलाकर 6 अप्रैल से पहले इस मुद्दे पर निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि स्टाइपेंड वृद्धि की मांग को लेकर जूनियर डॉक्टर अपने रुख पर कायम हैं और जब तक ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, हड़ताल वापस लेने का सवाल नहीं उठता।
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि संगठन के भीतर इस विषय पर पुनः विचार-विमर्श किया जाएगा, लेकिन फिलहाल 6 अप्रैल से प्रस्तावित हड़ताल पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहने की संभावना है।

