
उदित वाणी,जमशेदपुर : जे.एच. तारापोर स्कूल में 1 अप्रैल 2026 को वार्षिक प्रतिभा सम्मान समारोह “रिकॉग्निशन डे” का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सराहना के साथ उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना था।

समारोह की शुरुआत स्कूल प्रबंधन की डायरेक्टर टीना बोधनवाला सूद द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई। इसके बाद विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ योग, नृत्य, ओलंपियाड समेत अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को भी सम्मान मिला।
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों के लिए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसने माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया। प्राइमरी वर्ग में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए कक्षा 5 ‘बी’ की छात्रा सानवी स्निग्धा सेठी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने तालियों के साथ छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए न केवल प्रेरणादायक बल्कि यादगार भी रहा।

