उदित वाणी जमशेदपुर: उलीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत संकोसाई एक नंबर रोड रविवार देर रात आग की भयावह घटना से दहल उठा। सड़क किनारे खड़ी दो बसों में अचानक आग लग गई, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते दोनों बसें आग की लपटों में घिर गईं और पूरी तरह जलकर राख हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहली बस से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जिसने तेजी से दूसरी बस को भी अपनी चपेट में ले लिया। रात के सन्नाटे में उठती ऊंची लपटों और धुएं के गुबार से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए और तुरंत पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दोनों बसें पूरी तरह जल चुकी थीं। घटना के कारण कुछ देर तक इलाके में आवागमन भी प्रभावित रहा।
राहत की बात यह रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। लेकिन आग से लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। उलीडीह थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।


