
उदित वाणी, जमशेदपुर : सही में रविवार को आयोजित होने वाली झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है. परीक्षार्थियों की सुविधा और परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं. इसके तहत सुबह 4 बजे से लेकर रात 11:30 बजे तक शहर में सभी प्रकार के भारी और मालवाहक वाहनों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा.
प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार इस अवधि में ट्रक, ट्रेलर, डंपर सहित अन्य बड़े वाणिज्यिक वाहनों को शहर की सीमा में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. अधिकारियों का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़भाड़ और जाम की स्थिति को नियंत्रित करना है, ताकि अभ्यर्थी समय पर और बिना किसी परेशानी के अपने केंद्र तक पहुंच सकें.
हालांकि, आम यात्रियों और परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बसों को इस प्रतिबंध से बाहर रखा गया है. सार्वजनिक परिवहन सेवाएं सामान्य रूप से संचालित रहेंगी, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो.
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें. साथ ही, ट्रैफिक पुलिस को प्रमुख चौराहों और परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष रूप से तैनात किया जाएगा, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे.

