
उदित वाणी, जमशेदपुर : दो साल के अंतराल के बाद एक बार फिर संडे 27 नवम्बर को बिष्टुपुर मेन रोड की सड़कें गुलजार होंगी. गवाह बनेंगी फन, इन्टरटेन्मेंट और मस्ती की. जुस्को की प्रवक्ता का कहना है कि एक बार फिर जैम@स्ट्रीट लौट रहा है.
भले ही जगह और दिन पहले वाला ही हो, मगर इस बार का जैम स्ट्रीट ज्यादा हेल्दी होगा. जुस्को की प्रवक्ता सुकन्या दास ने बताया कि इस साल हमारा जोर हेल्दी एंड हैप्पी लाइफ पर है. कोरोना के दौरान लोगों ने स्वास्थ का महत्व समझा है.
यही कारण है कि इस बार हम मनोरंजन की बजाय स्पोर्ट्स पर ज्यादा जोर दे रहे हैं ताकि शहर के लोग स्पोर्ट्स के जरिए अपने हेल्थ और फिटनेस को बढ़ा सके. खेलों में व्यक्तिगत भागीदारी के साथ हमारा जोर सामूहिकता पर भी है, ताकि लोग परिवार के साथ संडे मॉर्निंग को इन्ज्वॉय कर सके. हमारी कोशिश रहेगी कि आगे भी इसे जारी रखा जाय.
खेलों में बैडमिंटन, बास्केटबॉल,कराटे के साथ साहसिक खेल और ज़ुम्बा भी होगा. इसके अलावा स्वस्थ रहने के लिए योग को भी काफी फोकस किया गया है. लाइव पेंटिंग्स के अलावा टैटू आकर्षण के केन्द्र होंगे. बिष्टुपुर मेन सड़क (बुलेवर्ड होटल के सामने) सुबह 6 बजे से साढ़े आठ बजे तक इसका आयोजन होगा. इस दौरान आसपास में खाने के स्टॉल भी होंगे.

