
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 27 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या कर ली। मामला गांधी रोड, पुराना सोनारी का है। मृतका की पहचान पूजा कुमारी के रूप में हुई है। इस संबंध में उसके पिता बैजनाथ प्रसाद ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
परिजनों के अनुसार, 9 अप्रैल की सुबह करीब 11 बजे पूजा ने घर के एक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर परिवार वालों को शक हुआ। दरवाजा तोड़ने पर देखा गया कि वह पंखे से लटकी हुई थी। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि पूजा की शादी की बातचीत चल रही थी। हाल ही में परिवार के साथ वह लड़का देखने भी गई थी। वहां से लौटने के बाद उसने अपने माता-पिता को बताया कि वह पहले से ही एक युवक से प्रेम करती है और उसी से विवाह करना चाहती है। उक्त युवक से उसकी मुलाकात चाईबासा में बीटेक की पढ़ाई के दौरान हुई थी।
परिजनों का आरोप है कि घटना से एक रात पहले दोनों के बीच फोन पर बातचीत हुई थी, जिसके बाद पूजा मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई थी। पिता की शिकायत पर सिदगोड़ा निवासी विजय कुमार के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की गहन जांच जारी है।

