
उदित वाणी जमशेदपुर : जुगसलाई स्टेशन रोड निवासी सरबजीत सिंह साइबर ठगी का शिकार हो गए। साइबर अपराधियों ने खुद को रिश्तेदार बताकर उनसे करीब ढाई लाख रुपये की ठगी की। इस संबंध में सरबजीत सिंह ने बिष्टुपुर साइबर थाना में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।सरबजीत सिंह ने बताया कि 27 जुलाई को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर (9790290328) से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को उनका रिश्तेदार बताते हुए कहा कि वह उनके खाते में 7,45,436.55 रुपये भेजेगा, जिसे वह भारत लौटने पर ले लेगा। इसके बाद एक और कॉल (2067135809) आई, जिसमें बताया गया कि पैसे भेज दिए गए हैं, लेकिन फंड ट्रांसफर में 24 घंटे लगेंगे।साइबर ठगों के बहकावे में आकर सरबजीत ने अपने खाते से ढाई लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब काफी समय बीत गया और कोई राशि उनके खाते में नहीं आई, तो उन्हें समझ में आया कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं।इस घटना के बाद सरबजीत ने तुरंत बिष्टुपुर साइबर थाना में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। पुलिस अब इस मामले की जांच में जुट गई है और ठगों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह की संदिग्ध कॉल्स से सतर्क रहें और किसी भी प्रकार के वित्तीय लेन-देन से पहले उचित जांच-पड़ताल करें।
