
उदित वाणी जमशेदपुर : साकची बाजार से रहस्यमय तरीके से लापता हुई तीन वर्षीय मासूम आफरीन को जमशेदपुर पुलिस ने पश्चिम बंगाल से सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया है। इस मामले में पुलिस ने बच्ची के अपहरण के आरोप में कपाली निवासी अब्दुल जसीम उर्फ लखन और उसकी पत्नी अफसाना बेगम को गिरफ्तार किया है। बेटी के सुरक्षित लौटने से परिवार में खुशी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, 26 मई को आफरीन अपने परिजनों के साथ साकची बाजार आई थी। बाजार में भीड़भाड़ के बीच वह अचानक लापता हो गई। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने साकची थाना में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया और बच्ची की तलाश शुरू कर दी।

सिटी एसपी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों में लगे करीब 50 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध दंपती बच्ची को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना तंत्र के जरिए दोनों की पहचान कर उनका पीछा शुरू किया।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी दंपती आफरीन को लेकर पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के झालदा थाना क्षेत्र स्थित पुष्टि गांव पहुंच गए थे। जमशेदपुर पुलिस ने पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से वहां छापेमारी कर बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनकी शादी को लगभग 10 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन संतान नहीं होने के कारण वे मानसिक तनाव में थे। इसी दौरान बाजार में अकेली दिखी बच्ची को वे अपने साथ ले गए।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपहरण समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, आफरीन के सकुशल मिलने पर परिजनों ने जमशेदपुर पुलिस की तत्परता और पेशेवर कार्रवाई की सराहना की है।

