
उदित वाणी जमशेदपुर: केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने बुधवार को मानगो राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन एलिवेटेड कॉरिडोर (फ्लाइओवर) परियोजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उनके साथ सांसद विद्युत वरण महतो, भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
करीब 10 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड कॉरिडोर को जमशेदपुर की महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना पूरी होने के बाद मानगो, डिमना चौक और आसपास के क्षेत्रों में वर्षों से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान सतीश चंद्र दुबे ने बताया कि परियोजना का कुछ हिस्सा वन विभाग की भूमि से जुड़ा हुआ है, जिसके कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि वन विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) नहीं मिलने से काम की गति धीमी हुई है। उन्होंने राज्य सरकार और वन विभाग से समन्वय स्थापित कर आवश्यक अनुमति और भूमि उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि परियोजना को समय पर पूरा किया जा सके।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एलिवेटेड कॉरिडोर बनने से न केवल यातायात व्यवस्था सुगम होगी, बल्कि शहर के विकास को भी नई गति मिलेगी। इससे रोजाना हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा होगी और यात्रा का समय भी कम होगा।
उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद परियोजना का निर्माण कार्य तेज गति से आगे बढ़ेगा और वर्ष 2026 के अंत तक एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।

