
उदित वाणी बोकारो: बंगाल और बिहार के बाद अब झारखंड में भी सत्ता पर काबिज होने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा एसआईआर (SIR) को हथियार बनाए जाने का आरोप लगाते हुए सत्तारूढ़ दल झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अपनी चुनावी रणनीति तेज कर दी है। राज्य में चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे एसआईआर अभियान को लेकर झामुमो पूरी तरह से कमर कस चुका है। इसी कड़ी में बोकारो जिले के सेक्टर-1 स्थित टाउन हॉल में आज ‘बीएलए-2’ (BLA 2) का एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में पार्टी के मंत्री योगेंद्र प्रसाद, विधायक उमाकांत रजक और झामुमो महासचिव विनोद पांडे ने मुख्य रूप से शिरकत की।
बोकारो विधानसभा में सबसे अधिक कटे नाम, कार्यकर्ताओं को दी गई चेतावनी
टाउन हॉल में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर के दौरान बूथ स्तर पर तैनात रहने वाले एजेंटों को मतदाता सूची से काटे जा रहे नामों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। बैठक में यह बात सामने आई कि पूरे राज्य में बोकारो जिले के भीतर सबसे अधिक मतदाताओं के नाम काटे गए हैं, जिसमें भी बोकारो विधानसभा क्षेत्र में नाम कटने की संख्या सबसे ज्यादा है।
शिविर को संबोधित करते हुए झामुमो के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को कड़े शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगर मतदाता सूची से आम जनता का नाम कट जाता है, तो इसका सीधा नकारात्मक प्रभाव झारखंड सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं पर पड़ेगा। नेताओं ने जोर देकर कहा वोटर लिस्ट में नाम रहना बेहद जरूरी है। यदि इस प्रक्रिया पर अभी ध्यान नहीं दिया गया, तो एक बार काम पूरा हो जाने के बाद सरकार भी इस विषय पर कुछ नहीं कर पाएगी और अंत में पछताने से भी कोई लाभ नहीं होगा। भाजपा की इस कथित साजिश को नाकाम करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर मुस्तैदी से काम करना होगा।” नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा पूर्व में बंगाल और बिहार में भी सत्ता हासिल करने के लिए एसआईआर को अपना हथियार बना चुकी है, जिसका परिणाम सबके सामने है।
बोकारो जिले की विधानसभा वार मतदाता मैपिंग रिपोर्ट (22 मई तक का डेटा)
प्रशिक्षण शिविर में जिले की मतदाता मैपिंग स्थिति की समीक्षा की गई। जिले के कुल 15,33,943 मतदाताओं में से अब तक 10,47,913 मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है, जबकि जिले में कुल 4,86,030 मतदाताओं की मैपिंग अभी बाकी है। जिले का कुल मैपिंग प्रतिशत 68.31% दर्ज किया गया है।
विधानसभा वार आधिकारिक आंकड़े इस प्रकार हैं:
गोमिया विधानसभा: कुल मतदाता 3,19,678 हैं। यहाँ 2,62,104 मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है, जबकि 57,574 वोटर बिना मैपिंग के शेष हैं। गोमिया 81.99% के साथ जिले में सबसे आगे है। चंदनकियारी विधानसभा: कुल मतदाता 2,86,045 हैं। इनमें से 2,30,325 की मैपिंग पूरी हो चुकी है और 55,720 बिना मैपिंग के शेष हैं। यहाँ 80.52% कार्य पूरा हुआ है। बेरमो विधानसभा: कुल मतदाता 3,31,481 हैं। यहाँ 2,40,273 वोटरों की मैपिंग हो चुकी है, जबकि 91,208 शेष हैं। यहाँ का प्रतिशत 72.48% है। बोकारो विधानसभा: कुल मतदाता 5,96,739 हैं। यहाँ 3,15,211 की मैपिंग हुई है, जबकि 2,81,528 मतदाताओं की मैपिंग अभी बाकी है। बोकारो विधानसभा 52.82% के साथ जिले में सबसे पीछे चल रहा है।

