
उदित वाणी, सरायकेला : सरायकेला जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत चौका थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। यहाँ प्रसिद्ध जायदा मंदिर के समीप स्वर्णरेखा नदी में नहाने के दौरान एक युवक गहरे पानी में डूब गया। इस हादसे के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है। यह घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है।
जमशेदपुर के सोनारी का रहने वाला था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डूबने वाले युवक की पहचान 23 वर्षीय प्रेम कुमार के रूप में हुई है। वह जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित आदर्श कॉलोनी का निवासी था। सोमवार को प्रेम कुमार अपने कुछ साथियों के साथ स्वर्णरेखा नदी में नहाने के लिए आया हुआ था।
नहाने के दौरान गहरे पानी में गया
चश्मदीदों के मुताबिक, नदी में नहाने के दौरान प्रेम कुमार अचानक गहरे पानी की ओर चला गया। जब तक उसके साथी कुछ समझ पाते, वह देखते ही देखते पानी में समा गया और डूब गया। साथियों ने तुरंत इसकी जानकारी स्थानीय लोगों और प्रशासन को दी।
पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलते ही चौका थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। नदी और उसके आसपास के संभावित क्षेत्रों में काफी देर तक सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।पुलिस द्वारा युवक की खोजबीन के लिए अभियान लगातार जारी है। उधर, घटना की जानकारी मिलते ही युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है।

