
उदित वाणी, जमशेदपुर : रामनवमी के अवसर पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए गए हैं. प्रशासन ने 27 मार्च से 29 मार्च की सुबह 6 बजे तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है, जिसके तहत कई श्रेणी के वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा.
जारी आदेश के अनुसार, 27 मार्च को सुबह 6 बजे से 11:30 बजे तक और दोपहर 1 बजे से रात 11 बजे तक बसों को छोड़कर सभी भारी वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा. वहीं 28 मार्च को दोपहर 1 बजे से 29 मार्च की सुबह 6 बजे तक सभी प्रकार के मालवाहक वाहन, बसें, चार पहिया और भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्ण रोक लगाई गई है.
इसके अलावा 28 मार्च को दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक शहर के प्रमुख मार्गों -गोलमुरी चौक, आरडी टाटा गोलचक्कर, साकची गोलचक्कर, बंगाल क्लब, बसंत टॉकिज, मिनी बस स्टैंड, नौ नंबर टैक्सी स्टैंड, किताब लाइन, पुराना कोर्ट मोड़ और स्वर्णरेखा घाट -पर तीन पहिया वाहनों का संचालन भी प्रतिबंधित रहेगा.
यह ट्रैफिक व्यवस्था उपायुक्त, एसएसपी और ट्रैफिक डीएसपी के निर्देश पर लागू की गई है. प्रशासन ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और नियमों का पालन करने की सलाह दी है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके.

