
जमशेदपुर: रामनवमी के पावन अवसर पर साकची का झंडा चौक भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर नजर आया. श्री श्री बाल मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित विराट रामनवमी महोत्सव के तहत भव्य आरती और दीप उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी.
कार्यक्रम के दौरान “जय जय श्री राम” के गगनभेदी नारों से पूरा साकची गूंज उठा. झंडा चौक पर प्रभु श्रीराम की आकर्षक रंगोली बनाई गई, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया. वहीं अयोध्या के राम मंदिर के दरबार की झलक भी प्रस्तुत की गई, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही.
विशेष आकर्षण रहा बनारस के पुरोहितों द्वारा संपन्न महाआरती, जो अस्सी घाट की तर्ज पर आयोजित की गई. प्रसिद्ध आचार्य के नेतृत्व में पंडितों के समूह ने शंख और घंटों की ध्वनि के बीच शाम करीब 7 बजे आरती प्रारंभ की, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा.
विद्युत सज्जा से सजा साकची क्षेत्र रात में जगमगा उठा और हर ओर श्रद्धालुओं की मौजूदगी से उत्सव का माहौल और भी भव्य बन गया.
कार्यक्रम में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, भाजयुमो झारखंड प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज, भाजपा नेता अमरप्रीत सिंह काले, गुंजन यादव, भूपेंद्र सिंह, विकास सिंह, विहिप नेता अजय गुप्ता, यूनियन नेता शशी भूषण सिंह, आर.के. सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में समिति के कई सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा. सुमन अग्रवाल, अमित अग्रवाल, सन्नी संघी, अंकित मोदी, अभिषेक अग्रवाल, गौरव अग्रवाल, रिंकू जालुका, कृष्णा अग्रवाल, हर्ष अग्रवाल, सौरव अग्रवाल, संतोष पांडेय, नरेश संघी, प्रणय गुप्ता, ओमप्रकाश अग्रवाल, सुरेश खेमका, राहुल चौधरी, अंशुल रिंगासिया सहित कई लोगों ने पूरे समर्पण के साथ आयोजन को सफल बनाया.
आयोजकों ने बताया कि गुरुवार 26 मार्च 2026 को साकची झंडा चौक में बाल हनुमान सजाओ प्रतियोगिता और मनमोहक झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बच्चे भाग लेकर भगवान हनुमान के रूप में प्रस्तुति देंगे.

