
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर में अवैध हथियारों और कारतूस की आपूर्ति करने वाले संगठित नेटवर्क के खिलाफ जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जुगसलाई थाना क्षेत्र में की गई विशेष कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरोह से जुड़े एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से जिंदा कारतूस, पिस्टल मैगजीन और एक कार बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, 4 जून को पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि हथियार और एम्युनिशन की सप्लाई से जुड़े गिरोह का एक सदस्य जुगसलाई क्षेत्र में आने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन तथा पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था सुमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 27 वर्षीय सैयद अदनान मिर्जा को उसकी सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार के साथ हिरासत में लिया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद आरोपी के निशानदेही पर वाहन की पिछली सीट के नीचे बनाए गए गुप्त खांचे की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वहां से दो पिस्टल मैगजीन बरामद हुईं, जिनमें दो-दो 7.65 एमएम के जिंदा कारतूस लोड थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल चार जिंदा कारतूस, दो पिस्टल मैगजीन, दो मोबाइल फोन तथा स्विफ्ट डिजायर कार को जब्त कर लिया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि वह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर जरूरतमंद लोगों और गिरोह के सदस्यों तक हथियार व गोलियां पहुंचाने का काम करता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी गोलमुरी थाना में हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। अभियान में डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर सुमित कुमार, जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खां समेत थाना के कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।

