उदित वाणी, जमशेदपुर: लौहनगरी के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत सोपोडेरा मिडिल स्कूल परिसर में शनिवार को हुई किशोरी की हत्या की गुत्थी पुलिस ने महज 12 घंटे में सुलझा ली है। पुलिस ने हत्या के आरोपी सोनू कर्मकार (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने शादी के दबाव से तंग आकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
स्कूल परिसर में मिला था शव, मची थी सनसनी
9 मई 2026 की सुबह करीब 6:15 बजे सोपोडेरा मिडिल स्कूल परिसर में एक किशोरी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मृतका की पहचान के बाद उसके पिता के लिखित आवेदन पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ कांड संख्या 45/26 दर्ज की थी।
सीसीटीवी और विशेष टीम ने दबोचा आरोपी
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बनी एक विशेष टीम, जिसकी मॉनिटरिंग सिटी एसपी कर रहे थे, ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपी सोनू कर्मकार की पहचान हुई और उसे धर दबोचा गया।
विवाद के बाद गुस्से में की हत्या
पूछताछ के दौरान आरोपी सोनू ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह मृतका के साथ स्कूल परिसर पहुंचा था, जहाँ किशोरी उस पर शादी करने के लिए लगातार दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर सोनू ने किशोरी का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
साक्ष्य बरामद, आरोपी गया जेल
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वह सफेद रंग की शर्ट भी बरामद कर ली है, जिसे उसने घटना के समय पहना था और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से कहीं छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए जेल भेज दिया है।


