
उदित वाणी जमशेदपुर : सुंदरनगर थाना क्षेत्र के कदमडीह अंतर्गत रेंगटाडीह में एक मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जहां शराब के नशे में धुत एक युवक ने 40 वर्षीय परमेश्वर सिंह सरदार की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी बुधराय उर्फ अंठूल (20) सुबह करीब 10 बजे शराब पीकर परमेश्वर के घर में जबरन घुस गया और खटिया पर बैठ गया। जब परमेश्वर की पत्नी और मां ने इसका विरोध किया, तो उसने उग्र होकर घर में हंगामा किया, खटिया पलट दी और पत्थर चलाकर परमेश्वर की मां मायनो सिंह सरदार को घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर सुबह करीब 11 बजे परमेश्वर घर पहुंचा। मामले की जानकारी मिलते ही वह कारण पूछने के लिए आरोपी के घर रेंगटाडीह पहुंचा, जहां दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और इसी दौरान अंठूल ने बेरहमी से परमेश्वर की पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी परिजनों को देर से मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी अजीत मुंडा ने बताया कि छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी भी घायल था, जिसका इलाज सदर अस्पताल में कराया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

