उदित वाणी, जमशेदपुर : अग्रसेन भवन, साकची में आयोजित झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के लघु अधिवेशन सह पुरस्कार वितरण समारोह “अभ्युदय 2026” में मारवाड़ी युवा मंच, जमशेदपुर शाखा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रांत की सबसे उत्कृष्ट शाखा का खिताब अपने नाम किया. शाखा ने विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और सेवा गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान के आधार पर कुल 26 पुरस्कार हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया. वहीं विकास शर्मा को उनके सशक्त नेतृत्व और सक्रिय कार्यशैली के लिए सर्वश्रेष्ठ शाखा अध्यक्ष के सम्मान से नवाजा गया.
समारोह के दौरान शाखा की सामाजिक प्रभावशीलता भी देखने को मिली, जब नगर परिषद चुनाव में शाखा के तीन पूर्व अध्यक्ष अनिल मोदी, सत्यनारायण अग्रवाल (मुन्ना) और लिप्पू शर्मा के वार्ड पार्षद के रूप में निर्वाचित होने पर मंच पर सम्मानित किया गया. इसके साथ ही निवर्तमान अध्यक्ष सह प्रांतीय संयोजक अमृतधारा अश्विनी अग्रवाल को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए श्रेष्ठ प्रांत संयोजक अमृत धारा सम्मान दिया गया, जबकि रक्तदान महादान अभियान में उल्लेखनीय भूमिका निभाने पर मयूर संघी को श्रेष्ठ संयोजक का सम्मान मिला. अमृत धारा में विशेष योगदान के लिए अश्विनी अग्रवाल को भी प्रांतीय स्तर पर सम्मानित किया गया.

जमशेदपुर शाखा को मिले ये पुरस्कार
जमशेदपुर शाखा को मिले प्रमुख पुरस्कारों में श्रेष्ठ शाखा (सत्र 2025-26), सर्वश्रेष्ठ अध्यक्ष, रक्तदान महा उत्सव में सर्वाधिक रक्त संग्रह के लिए राष्ट्रीय विशेष सम्मान, स्थायी अमृत धारा स्थापना के लिए राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पुरस्कार, रजत जयंती वार्षिक सम्मान, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन, झारखंड स्थापना दिवस, मंच स्थापना दिवस और तिरंगा यात्रा में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रांतीय पुरस्कार शामिल हैं. इसके अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्यमिता और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, “9 दिन 9 कन्या” कार्यक्रम, गौ सेवा, जीव दया, अंगदान-देहदान, कैंसर जागरूकता, योग-प्राणायाम के 50 सप्ताह के सफल आयोजन तथा अंतर्राष्ट्रीय स्वयंसेवक दिवस में सहभागिता के लिए भी शाखा को विशेष सम्मान प्राप्त हुआ.


