
उदित वाणी, जमशेदपुर: शहर के कदमा थाना क्षेत्र में 16 अप्रैल को एक सैनिक/पूर्व सैनिक के साथ पुलिस द्वारा की गई कथित अभद्रता और मारपीट की घटना ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना के विरोध में शनिवार को अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के नेतृत्व में दर्जनों पूर्व सैनिकों ने कदमा थाना पहुँचकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह घटना न केवल अमानवीय है, बल्कि भारतीय सेना के सम्मान को ठेस पहुँचाने वाली है।
एएसआई और ड्राइवर पर गाली-गलौज का आरोप, कार्रवाई की मांग
प्रदर्शनकारी पूर्व सैनिकों ने पीसीआर एएसआई महावीर उपाध्याय और ड्राइवर संजीव कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिषद का कहना है कि पुलिसकर्मियों ने जवान के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जवान से कोई त्रुटि हुई भी थी, तो पुलिस को सेना के अधिकारियों को सूचित करना चाहिए था, न कि स्वयं कानून हाथ में लेकर दमनात्मक कार्रवाई करनी चाहिए थी।
एसएसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगाएगी परिषद
विरोध प्रदर्शन के दौरान परिषद के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि दोषी पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित कर कठोर कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर तक ले जाया जाएगा। परिषद के सदस्यों ने सवाल उठाया कि यदि देश के सैनिक ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिक की सुरक्षा का क्या होगा। जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और सेना के उच्च अधिकारियों से मिलकर अपनी शिकायत दर्ज कराएगा।
प्रदर्शन में शामिल हुए कई पूर्व सैनिक
इस विरोध प्रदर्शन में वरुण कुमार, प्रकाश पटेल, एस.के. सिंह, अवधेश कुमार, राजीव कुमार, मनोज कुमार सिंह, एस.बी. सिंह, संजय सिंह, सुखविंदर सिंह, बिरजू कुमार और गोपाल कुमार सहित 30 से अधिक पूर्व सैनिक शामिल थे। परिषद ने दो टूक कहा है कि न्याय न मिलने की स्थिति में होने वाले किसी भी बड़े जनआंदोलन की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

