उदित वाणी, जमशेदपुर : 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर टाटानगर रेल सिविल डिफेंस जवानों ने “हर घर तिरंगा”, “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के उद्घोष के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। इस कार्यक्रम का नेतृत्व सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने किया। तिरंगा यात्रा सिविल डिफेंस कार्यालय, साउथ सेटलमेंट से आरंभ हुई। यात्रा में शामिल जवान और अधिकारी हाथों में तिरंगा लिए देशभक्ति के नारों से पूरे मार्ग को गूंजा रहे थे। यात्रा केंद्रीय विद्यालय, रेल ऑफिसर कॉलोनी, खास महल ट्रैफिक कॉलोनी होते हुए मुख्य मार्ग से गुजरकर लगभग तीन किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद टाटानगर स्टेशन के मुख्य द्वार पर संपन्न हुई। मुख्य द्वार पर आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने उपस्थित जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर हर घर की छत पर तिरंगा लहराना न सिर्फ गर्व की बात है, बल्कि यह हमारी राष्ट्रीय पहचान और एकजुटता का प्रतीक भी है। उन्होंने रेल कर्मचारियों और आम नागरिकों से आग्रह किया कि वे इस मुहिम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। कार्यक्रम के अंत में इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सिविल डिफेंस के जवानों में खासा उत्साह देखा गया। तिरंगा यात्रा में सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार के साथ अनिल कुमार सिंह, डी. आनंद राव, विमल पासवान, शिव शंकर प्रसाद, गोपाल चंद्र दास, महादेव दास, गुलशन कुमार, गीता कुमारी, कंचन कुमारी, दीपिका प्रधान, आलोक कुमार, अनुप कुमार साह, अनुराग कुमार पटेल, सुमित कुमार जयसवाल, पी. हरी बाबू, बलिराम सिंह, वीरेन्द्र मंडल, अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में जवान एवं नागरिक शामिल हुए। देशभक्ति के रंग में रंगी यह तिरंगा यात्रा टाटानगर की सड़कों पर एकता, उत्साह और सम्मान का संदेश छोड़ गई।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Advertisement
Advertisement
<


