
उदित वाणी, जमशेदपुर: डोबो पुल से रहस्यमय ढंग से लापता हुए युवक अविनाश कुमार को पुलिस ने आखिरकार सकुशल बरामद कर लिया। पूरी रात चले सर्च ऑपरेशन के बाद बुधवार सुबह साकची इलाके से युवक को खोज निकाला गया, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार, परसूडीह के गोलपहाड़ी निवासी 26 वर्षीय अविनाश मंगलवार रात करीब 11 बजे से लापता थे। जब परिजन डोबो पुल पहुंचे तो वहां उनकी स्कूटी, मोबाइल फोन और चाबी संदिग्ध अवस्था में मिली। इस स्थिति को देख परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए स्वर्णरेखा नदी में कूदने की संभावना व्यक्त की।
घटना के बाद पुलिस, स्थानीय लोग और परिजन रातभर टॉर्च की रोशनी में नदी किनारे और आसपास के क्षेत्रों में तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अंधेरे के कारण रेस्क्यू अभियान भी प्रभावित रहा।
बुधवार सुबह सूचना मिली कि अविनाश को साकची इलाके में देखा गया है। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित बरामद कर लिया। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि युवक पारिवारिक तनाव से जूझ रहा था और पत्नी के साथ विवाद चल रहा था। फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच में जुटी है।

