
जमशेदपुर: उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने साकची स्थित निर्माणाधीन DMM म्युनिसिपल लाइब्रेरी (Dinshaw Memorial Municipal Library) का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने लाइब्रेरी के शीघ्र शुभारंभ को सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
समयसीमा में कार्य पूरा करने पर जोर
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने निर्माण कार्य की स्थिति की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक संसाधन, मूलभूत सुविधाएं और व्यवस्थाएं गुणवत्तापूर्ण ढंग से तैयार की जाएं, ताकि लाइब्रेरी शुरू होने के साथ ही लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें.
‘ज्ञान का प्रमुख केंद्र बने लाइब्रेरी’
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि यह लाइब्रेरी विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए ज्ञान और अध्ययन का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लाइब्रेरी को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर इसे उपयोगी और आकर्षक बनाया जाए.
पुस्तक दान अभियान को मिला जबरदस्त समर्थन
ज्ञात हो कि जनवरी-फरवरी 2026 में DMM म्युनिसिपल लाइब्रेरी के लिए चलाए गए पुस्तक दान अभियान को नागरिकों का अच्छा सहयोग मिला. जिला प्रशासन के अनुसार अब तक कुल 2408 पुस्तकें लाइब्रेरी को प्राप्त हो चुकी हैं, जिसमें 32 पुस्तक दाताओं ने योगदान दिया है. इनमें नरेश अग्रवाल ने 1007 पुस्तकें दान कर शीर्ष दानदाता के रूप में अपनी भूमिका निभाई है.
कई अधिकारी रहे मौजूद
इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्णव मिश्रा, जेएनएसी के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.

