
उदित वाणी जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने समाहरणालय परिसर स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण (Surprise Inspection) किया। इस औचक दौरे का मुख्य उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में अनुशासन, कर्मचारियों की उपस्थिति और स्वच्छता मानकों की समीक्षा करना था। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, निर्वाचन, विधि शाखा और समाज कल्याण सहित एक दर्जन से अधिक विभागों का जायजा लिया।
उपस्थिति पंजी की जांच और बायोमीट्रिक हाजिरी पर कड़ाई
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने उपस्थिति पंजी (Attendance Register) की गहनता से जांच की। उन्होंने अनुपस्थित कर्मियों के बारे में संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की और सख्त निर्देश दिए कि सभी पदाधिकारी और कर्मचारी बायोमीट्रिक उपस्थिति (Biometric Attendance) प्रणाली का नियमित पालन करें। उन्होंने कार्य संस्कृति में सुधार और समयबद्धता के साथ फाइलों के निष्पादन पर विशेष बल दिया।
कबाड़ की नीलामी और साफ-सफाई के निर्देश
कार्यालयों में पड़े अनुपयोगी फर्नीचर और पुराने मशीनी उपकरणों को लेकर उपायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अनुपयोगी वस्तुओं को एकत्रित कर जिला स्तर पर जल्द से जल्द निलामी (Auction) की प्रक्रिया पूरी की जाए। इसके अलावा, उन्होंने कार्यालयी दस्तावेजों के बेहतर रख-रखाव और परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
आम जनता से सीधा संवाद और फीडबैक
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने समाहरणालय आए नागरिकों से भी बात की। उन्होंने लोगों की समस्याओं को सुना और मौके पर उपस्थित पदाधिकारियों को उनके तत्काल समाधान हेतु निर्देशित किया। इस दौरान उन्होंने चिह्नित पार्किंग एरिया और वेटिंग एरिया की सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।
मौके पर उप विकास आयुक्त (DDC) नागेन्द्र पासवान, नजारत उपसमाहर्ता डेविड बलिहार, डीटीओ धनंजय और विधि शाखा के प्रभारी चंद्रजीत सिंह सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।

